पलामू में पारिवारिक विवाद के बाद दो मासूम बेटियों की मौत, मां गिरफ्तार

झारखंड के पलामू जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला पर अपनी दो मासूम बेटियों की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद महिला ने खुद भी कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह मामला नावाबाजार थाना क्षेत्र के कुंडा गांव का है। जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद महिला ने अपनी दोनों बेटियों को कुएं में फेंक दिया। तीसरी बेटी भी निशाना बनी, लेकिन वह किसी तरह बच निकली।
ग्रामीणों ने शोर सुनकर महिला को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ग्रामीणों द्वारा लगाए गए मानसिक प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

