JHARKHAND : भारतीय सेना के ड्रोन टेंडर में टाटा की बड़ी जीत 840 लोइटरिंग म्यूनिशन की 64% सप्लाई करेगी TATA Advanced Systems

NEW DELHI : भारतीय सेना के लिए ड्रोन सप्लाई के क्षेत्र में टाटा ग्रुप को बड़ी सफलता मिली है। करीब 1,600 करोड़ रुपये की लागत वाले 840 लोइटरिंग म्यूनिशन (सुसाइड ड्रोन) की खरीद के लिए जारी टेंडर में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी यानी एल-1 बिडर बनकर उभरी है।
रक्षा सूत्रों के अनुसार टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स को भारतीय सेना की आर्टिलरी के लिए खरीदे जाने वाले 840 लोइटरिंग म्यूनिशन में 64 प्रतिशत यानी लगभग 538 ड्रोन की आपूर्ति का जिम्मा मिलेगा। वहीं दूसरी सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी निबे डिफेंस (Nibe Limited) को 36 प्रतिशत यानी करीब 302 ड्रोन की सप्लाई का ऑर्डर मिलने की संभावना है।
इस सौदे के तहत टाटा ग्रुप को लगभग 1,000 करोड़ रुपये और निबे लिमिटेड को करीब 600 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। ये ड्रोन 100 किलोमीटर से अधिक की मारक क्षमता वाले हैं और अगली पीढ़ी के युद्ध अभियानों को ध्यान में रखकर खरीदे जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक भारतीय सेना ने हाल ही में फास्ट-ट्रैक प्रक्रिया के तहत इस परियोजना के लिए प्राइस बिड खोली थी। तकनीकी मूल्यांकन में केवल तीन कंपनियां सफल रही थीं जिनमें टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स निबे लिमिटेड और ए-विजन एआई शामिल थीं।

अब भारतीय सेना अंतिम कीमत और अन्य शर्तों पर बातचीत के लिए एल-1 और एल-2 कंपनियों को आमंत्रित करेगी। इसके बाद औपचारिक अनुबंध की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

