1000273419

Ranchi Crime: पीठ पर bag ड्रेनेज पाइप के सहारे बिल्डर के घर में करोड़ों की चोरी CCTV में कैद हुए नकाबपोश चोर

खबर को शेयर करें
1000273419

RANCHI : राजधानी रांची के पॉश और वीआईपी इलाके अशोकनगर में शहर के नामी बिल्डर और कारोबारी अखिलेश पांडेय के घर करोड़ों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश चोर देर रात घर में घुसकर सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार चोरों ने मुख्य गेट के बजाय घर के पिछले हिस्से से प्रवेश किया। वे प्लास्टिक के ड्रेनेज पाइप के सहारे दीवार पर चढ़े और घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद सीधे उस अलमारी तक पहुंचे जहां कीमती जेवरात रखे थे। चोरों ने लॉकर तोड़कर करोड़ों रुपये के गहने समेट लिए और उसी पाइप के सहारे नीचे उतरकर फरार हो गए।

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ जब परिवार के सदस्य सोकर उठे। कमरे में अलमारी का ताला टूटा मिला और लॉकर खाली था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी नीरज कुमार अरगोड़ा थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम खोजी कुत्तों के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने पाइप और अलमारी के पास से फिंगरप्रिंट जुटाए। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पीठ पर बैग टांगे नकाबपोश चोर वारदात को अंजाम देते नजर आए। हालांकि सभी के चेहरे ढके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है।

हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही शहर के पुराने चोर गिरोहों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।