धनबाद में तंत्र-मंत्र के बहाने बुजुर्ग महिला से ठगी, सोने के गहने लेकर फरार हुए बदमाश

धनबाद के सदर थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का शिकार हो गईं। दो अज्ञात लोगों ने खुद को समस्या दूर करने वाला बताकर महिला को अपनी बातों में फंसा लिया और उनके सोने के गहने लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने महिला से पूजा कराने का बहाना बनाकर पहले उनके सभी गहने उतरवाए और उन्हें एक गमछे में रखने को कहा। इसके बाद महिला को कुछ कदम पीछे जाकर खड़े रहने के लिए कहा गया। जब वह वापस लौटीं तो दोनों युवक गहनों के साथ गायब थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर अपने कीमती सामान न सौंपें।

