Jamshedpur News: मानगो में राहुल सिंह उर्फ़ ‘राहुल बच्चा’ की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ़ सब्बे का पुलिस ने किया एनकाउंटर, पैर में लगी दो गोलियां…

बुधवार 8 जुलाई को मानगो थाना क्षेत्र में राहुल सिंह उर्फ़ ‘राहुल बच्चा’ की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ़ सब्बे का पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एनकाउंटर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में दो गोलियां लगीं जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया था जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई।

बुधवार देर शाम मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला स्थित मजार गली में पुरानी रंजिश को लेकर राहुल सिंह उर्फ़ ‘राहुल बच्चा’ की हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को अंजाम देने का आरोप साहेब सिंह उर्फ़ सब्बे और उसके साथियों पर है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था जबकि TMH अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया था।

हत्या के बाद जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। इसी बीच देर रात मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ़ सब्बे, आफताब और सौरव दत्ता उर्फ बंगाली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण के बाद तीनों आरोपियों की निशानदेही पर अन्य आरोपियों और घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए मानगो थाना क्षेत्र के फॉरेस्ट एरिया में छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान तीनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी साहेब सिंह ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग करने का प्रयास किया लेकिन गोली नहीं चल सकी। इसके बाद मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की जिसमें दो गोलियां साहेब सिंह के पैर में लगीं।

सिटी SP ललित मोहन मीणा ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और हत्या से जुड़े अन्य आरोपियों तथा सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।


