बोकारो न्यूज़: 1.3 किलो के गंभीर नवजात का सफल इलाज, स्वस्थ होकर घर लौटा

बोकारो सदर अस्पताल के विशेष नवजात शिशु देखभाल केंद्र (एसएनसीयू) ने महज 1.3 किलोग्राम वजन वाले एक नवजात का सफल इलाज कर उसे स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी है। इसे अस्पताल की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
बच्चा जुड़वां बच्चों में से एक था और जन्म के बाद कम वजन तथा सांस लेने में परेशानी के कारण उसे एसएनसीयू में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने लगातार निगरानी रखते हुए उसका इलाज किया। साथ ही कंगारू मदर केयर और केवल मां का दूध देने की सलाह दी गई।
इलाज के दौरान बच्चे का वजन बढ़कर 1.50 किलोग्राम हो गया और उसकी सेहत में काफी सुधार आया। डॉक्टरों ने परिजनों से आगे भी नियमित जांच कराने और कंगारू मदर केयर जारी रखने की अपील की।

