Jamshedpur Liquor Seized : हुरलुंग में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई अवैध चुलाई भट्ठी ध्वस्त 20 लीटर शराब और 6 हजार किलो जावा महुआ जब्त

JAMSHEDPUR : अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जमशेदपुर आबकारी विभाग ने रविवार को बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग में बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभाग की टीम ने एक अवैध चुलाई भट्ठी पर छापा मारकर उसे ध्वस्त कर दिया। मौके से 20 लीटर तैयार चुलाई शराब और करीब 6 हजार किलो जावा महुआ बरामद किया गया।

यह अभियान सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर चलाया गया। टीम के पहुंचने से पहले ही कार्रवाई की भनक लगने पर भट्ठी संचालक और उससे जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। इसके बावजूद अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अवैध शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला जावा महुआ जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान बरामद 20 लीटर चुलाई शराब को जब्त किया गया जबकि करीब 6 हजार किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही अवैध चुलाई भट्ठी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और ऐसे धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

