JHARKHAND : जमशेदपुर में भाई-बहन से स्नैचिंग स्कूटी को ओवरटेक कर गिराया बैग लेकर भागे बदमाश एक आरोपी लोगों के हत्थे चढ़ा

JAMSHEDPUR : शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित लिट्टी चौक के पास शनिवार रात स्नैचिंग की वारदात में स्कूटी सवार भाई-बहन घायल हो गए। बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक कर गिरा दिया और युवती का बैग छीनकर फरार हो गए। हालांकि भागने के दौरान एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घायलों की पहचान आदित्यपुर निवासी स्नेहा कुमारी और उनके भाई सत्यम कुमार के रूप में हुई है। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है।
सत्यम के पिता सुबोध सिंह ने बताया कि उनकी बेटी सिदगोड़ा स्थित टिम कॉम फ्लैट में अपनी सहेली की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गई थी। रात करीब 10:30 बजे वह अपने भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान लिट्टी चौक से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आवास के बीच बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक करने का प्रयास किया जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद बदमाश भी बाइक समेत गिर गए लेकिन उनमें से दो युवती के हाथ से बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। तीसरे आरोपी को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया और घटना की सूचना सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है जबकि फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।


