Chatra News: मनरेगा मजदूरी मामले में टंडवा पंचायत मुखिया के अधिकार निलंबित, उपमुखिया को सौंपी जिम्मेदारी

चतरा जिले के प्रतापपुर प्रखंड स्थित टंडवा पंचायत के मुखिया रामकेश्वर यादव उर्फ किशोर यादव के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मनरेगा मजदूरों की मजदूरी भुगतान प्रक्रिया के दौरान पैसे मांगने के आरोप सही पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने उनके वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) बनवाने के नाम पर मजदूरों से अवैध रूप से पैसे लिए जा रहे थे। मामले की जांच प्रखंड विकास पदाधिकारी से कराई गई, जिसकी रिपोर्ट में पैसे लेने की बात सामने आने के बाद प्रशासन ने इसे पंचायती राज अधिनियम का उल्लंघन माना।
मुखिया से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने अगले आदेश तक पंचायत के वित्तीय और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी उपमुखिया को सौंप दी है। संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

