JHARKHAND : पोटका की युवती में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज केंद्रीय स्वास्थ्य टीम ने लिया जायजा

JAMSHEDPUR : पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड से brain malaria का एक गंभीर मामला सामने आया है। सारसे गेड़ासाई गांव की 18 वर्षीय सुनिया सरदार को शनिवार दोपहर गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल की इमरजेंसी में जांच के बाद चिकित्सकों ने युवती में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि की और परिजनों को उसकी नाजुक स्थिति से अवगत कराया। डॉक्टरों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर मरीज को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है।
परिजनों के मुताबिक सुनिया पिछले चार दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थी। शुरुआत में उसका इलाज गांव के एक स्थानीय चिकित्सक से कराया जा रहा था लेकिन शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे एमजीएम अस्पताल लाया गया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में इलाज संबंधी समस्या की जानकारी स्थानीय विधायक संजीव सरदार को दी गई जिसके बाद वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में मरीज का उपचार शुरू कराया गया।
इस बीच शनिवार देर रात एमजीएम अस्पताल पहुंची दिल्ली से आई केंद्रीय स्वास्थ्य टीम ने भर्ती मरीज का हालचाल जाना। टीम ने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। पोटका क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे मलेरिया के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।

