Jamshedpur:- यूनिक कलेक्शन पर रंगदारी नहीं देने पर हुई गोलीबारी मामले में जुगसलाई पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार…

जमशेदपुर के चर्चित जुगसलाई यूनिक कलेक्शन फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी मोहित बाग को पुलिस ने सीतारामडेरा के छायानगर स्थित ह्यूम पाइप इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल 15 मई को जुगसलाई नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर पांच बदमाश एक मैरून रंग की वैगनआर कार से पहुंचे थे। आरोप है कि दुकान से रंगदारी नहीं मिलने और इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए अपराधियों ने फायरिंग की थी। घटना के बाद जुगसलाई थाना में मामला दर्ज किया गया था।
एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर पूरे गिरोह की पहचान की। जांच में सामने आया कि इस वारदात को मनीष सिंह गिरोह के अपराधियों ने अंजाम दिया था।
इस मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब फरार आरोपी मोहित बाग की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इस मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल की है।

