1000271205

JHARKHAND : हाथियों का आतंक और बिजली संकट से चाकुलिया के उद्योग प्रभावित लघु उद्योग संघ ने सरकार से लगाई गुहार

खबर को शेयर करें
1000271205

CHAKULIYA : चाकुलिया प्रखंड में हाथियों के बढ़ते आतंक और बदहाल बिजली व्यवस्था से स्थानीय उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसे लेकर चाकुलिया लघु उद्योग संघ ने सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जमशेदपुर के माध्यम से राज्य सरकार के उद्योग विभाग के सचिव को ज्ञापन भेजकर समस्याओं से अवगत कराया है।

लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष दुर्गा दत्त लोधा ने ज्ञापन में बताया कि इन दिनों हाथी आए दिन किसी न किसी राइस मिल की चहारदीवारी तोड़कर परिसर में घुस रहे हैं। इससे मिलों में कार्यरत मजदूरों और संचालकों में भय का माहौल बना हुआ है। हाथियों के डर से कई मजदूर काम पर नहीं आ रहे हैं जबकि जो आ रहे हैं वे भी समय से पहले काम छोड़कर घर लौट रहे हैं। इसका सीधा असर उद्योगों के उत्पादन पर पड़ रहा है और जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है।

ज्ञापन में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। संघ का कहना है कि हल्की बारिश होते ही घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। इसके बाद भी हर आधे घंटे में शटडाउन लेने से उत्पादन कार्य बार-बार बाधित होता है जिससे उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उत्पादन लागत बढ़ रही है और समय पर उत्पादन कर पाना मुश्किल हो गया है।

लघु उद्योग संघ का कहना है कि इन दोनों समस्याओं के कारण क्षेत्र के छोटे उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं और मजदूर भी रोजगार की तलाश में पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं।

संघ ने सरकार से मांग की है कि हाथियों के आतंक पर नियंत्रण और बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि उद्योगों को बचाया जा सके और मजदूरों का पलायन रोका जा सके।