Jamshedpur:- मानगो और कपाली इलाके में घर से एसी का कॉपर ट्यूब और बिजली का सामान चुराने वाला 19 वर्षीय मो. आमीर गिरफ्तार

जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में घर से एसी का कॉपर ट्यूब और बिजली का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला कपाली लिंक रोड स्थित मंजर काज़मी चौक के पास रहने वाले नौशाद आलम की शिकायत पर दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार उनके घर से एसी का कॉपर ट्यूब, बिजली का तार, एक्सटेंशन कॉर्ड समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। शिकायत मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय मो. आमीर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कपाली लिंक रोड का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गया एसी का कॉपर ट्यूब, नया कॉपर ट्यूब, बिजली का एक्सटेंशन कॉर्ड और अन्य बिजली के तार बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान मो. आमीर ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने यह भी कबूल किया कि वह पहले भी मोहल्ले से बर्तन, किचन का सामान और राशन जैसी चीज़ों की चोरी कर चुका है।
पुलिस के अनुसार, मो. आमीर के खिलाफ पहले भी साकची थाना में चोरी का मामला दर्ज है।


