गिरिडीह: किराए के मकान में महिला का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के मंडरो बाजार स्थित एक किराए के मकान में 30 वर्षीय महिला का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान आलता देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि उनके पति रोजगार के सिलसिले में मुंबई गए हुए थे और महिला अपनी दो छोटी बेटियों के साथ किराए के मकान में रह रही थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्ची के लगातार रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी कमरे तक पहुंचे। दरवाजा खोलने पर महिला का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

