JHARKHAND : कैलाश नगर शिव मंदिर में विष्णु यज्ञ व श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कथा में नारी सशक्तीकरण का दिया संदेश

JAMSHEDPUR : बर्मामाइंस स्थित कैलाश नगर शिव मंदिर में आयोजित श्री विष्णु यज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर भगवान विष्णु के पावन नामों का स्मरण करते हुए यज्ञकुंड में आहुति अर्पित कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
सायंकाल आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में कथा प्रवक्ता पंडित कुमार स्वामी ने नारी सशक्तीकरण का संदेश देते हुए मनु-शतरूपा एवं उनकी संतानों से जुड़े प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सृष्टि की आधारशिला माना गया है और समाज के विकास में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कथा के दौरान भगवान विष्णु के वाराह अवतार पृथ्वी उद्धार तथा हिरण्याक्ष वध की प्रेरणादायी कथा का भी वर्णन किया गया। इसके साथ ही भगवान कपिल द्वारा प्रतिपादित सांख्य दर्शन की व्याख्या करते हुए आध्यात्मिक जीवन में ज्ञान वैराग्य और भक्ति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

इस धार्मिक आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में ललन शर्मा एवं श्री दुर्गा मिश्रा मौजूद रहे। कार्यक्रम में जयप्रकाश सिंह ललेश सिंह राम किशोर मिश्रा भोला छेत्री प्रकाश सिंहओम प्रकाश सिंह अशोक सिंह शशि कुमार सिंह एसएन सिंह भूषण सिंह अभिमन्यु सिंह राजू पूर्वे कपिलमुनि मिश्र आचार्य शुभेन्द्र शास्त्री अजय मिश्रा सोनू कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कथा-प्रेमियों ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।


