जमशेदपुर: चार महीने से भत्ता नहीं मिलने पर एमजीएम अस्पताल के होमगार्ड नाराज, आंदोलन की चेतावनी

जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में तैनात होमगार्ड पिछले चार महीनों से भत्ता नहीं मिलने के कारण नाराज हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग करते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। होमगार्डों का कहना है कि लंबे समय से भत्ता नहीं मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
विरोध दर्ज कराने के लिए होमगार्ड 5 और 6 जुलाई को ड्यूटी के दौरान काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि इससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी, लेकिन प्रशासन का ध्यान उनकी समस्या की ओर जरूर जाएगा।
होमगार्डों ने साफ कहा है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। इस संबंध में अस्पताल अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य, जिला समादेष्टा, अनुमंडल दंडाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक और एमजीएम थाना प्रभारी समेत कई अधिकारियों को भी ज्ञापन की प्रतिलिपि भेजी गई है।

