मोदी कैबिनेट में नीतीश की एंट्री की अटकलों के बीच शिवानंद तिवारी का तंज पुराने बयान याद दिलाकर उठाए सवाल

PATNA : केंद्र सरकार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शामिल होने की अटकलों के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने उन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने नीतीश कुमार के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में परिस्थितियां किस तरह बदलती हैं इसका यह बड़ा उदाहरण है।
शिवानंद तिवारी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाते थे। उन्होंने उनके पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि आज वही नीतीश कुमार के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा हो रही है। तिवारी ने इसे भारतीय राजनीति की एक बड़ी विडंबना बताया।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद उनके और नीतीश कुमार के व्यक्तिगत संबंध हमेशा अच्छे रहे हैं। उन्होंने कहा हमारे और उनके राजनीतिक मतभेद रहे हैं लेकिन व्यक्तिगत संबंध हमेशा बने रहे हैं। वे हमारे पुराने मित्र हैं। हम उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच ऐसी अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि जनता दल (यूनाइटेड) को केंद्र सरकार में अधिक प्रतिनिधित्व मिल सकता है। इस संबंध में अभी तक केंद्र सरकार या जदयू की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

