धनबाद में 700 दागियों की पुलिस लाइन में परेड, अपराध छोड़ने और कानून का पालन करने की दिलाई शपथ

DHANBAAD: झारखंड में अपराध नियंत्रण और सुधारात्मक पुलिसिंग की दिशा में धनबाद पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। गुरुवार को धनबाद पुलिस लाइन में जिले के करीब 700 दागियों को बुलाकर उनकी परेड कराई गई। इस दौरान सभी का नाम पता और फोटो का सत्यापन किया गया तथा उन्हें अपराध से दूर रहकर कानून का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार ने कहा कि जो लोग पहले अपराध से जुड़े रहे हैं वे अब उस रास्ते को छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें और सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी को सुधार का अवसर दे रही है लेकिन यदि कोई दोबारा अपराध करता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
SSP ने स्पष्ट कहा कि पुलिस अपराधियों को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन कानून तोड़ने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने सभी से कानून का सम्मान करने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।
परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दागियों को अपराध से दूर रहने कानून का पालन करने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के बाद सभी का नाम पता फोटो और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज किए गए ताकि भविष्य में उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि धनबाद में इस तरह का अभियान पहली बार चलाया गया है। इसका उद्देश्य केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं बल्कि उन्हें अपराध छोड़कर मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करना भी है। पुलिस का मानना है कि इस पहल से अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ सुधारात्मक पुलिसिंग को भी मजबूती मिलेगी।
इस कार्यक्रम में city SP ऋतिक श्रीवास्तव ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब समेत जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

