ओडिशा में 1.08 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगा अडानी ग्रुप IHC के साथ मिलकर लगाएगा एल्युमीनियम प्लांट

BHUBANESWAR : अडानी ग्रुप ने ओडिशा में बड़े निवेश का ऐलान करते हुए राज्य में एक विशाल एल्युमीनियम प्लांट स्थापित करने की घोषणा की है। यह परियोजना अबू धाबी की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) के साथ साझेदारी में विकसित की जाएगी जिसमें 11.5 बिलियन डॉलर (करीब 1.08 लाख करोड़ रुपये) का निवेश प्रस्तावित है।
गुरुवार को अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (APSEZ) के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अडानी ने कहा कि अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ओडिशा को केवल खनिज संपदा वाला राज्य नहीं बल्कि भारत के औद्योगिक विकास की अगली बड़ी ताकत के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में प्राकृतिक संसाधनों के साथ-साथ देश की औद्योगिक तस्वीर बदलने की अपार क्षमता मौजूद है और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
करण अडानी ने बताया कि ओडिशा देश के सबसे समृद्ध खनिज राज्यों में से एक है। यहां भारत का सबसे बड़ा बॉक्साइट भंडार मौजूद है जबकि देश के 50 प्रतिशत से अधिक लौह अयस्क का भंडार भी इसी राज्य में है। इसके अलावा कोयले के बड़े भंडार के कारण ऊर्जा और औद्योगिक विकास की भी व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल और मजबूत नीतियों की बदौलत ओडिशा अब केवल कच्चे माल का आपूर्तिकर्ता नहीं बल्कि वैल्यू-एडेड मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है।
करण अडानी ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य सिर्फ एक औद्योगिक इकाई स्थापित करना नहीं है बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना छोटे कारोबारियों और उद्यमियों को बढ़ावा देना तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देना भी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में ओडिशा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि जब राज्य अपने खनिज संसाधनों का बेहतर उपयोग करेगा, विश्वस्तरीय उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं को रोजगार मिलेगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।

