1000270516

दिल्ली-एनसीआर में ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ 4 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ठिकानों और धार्मिक स्थलों की कर रहे थे रेकी

खबर को शेयर करें
1000270516

NEW DELHI : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक कथित आतंकी एवं हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि ये सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर में पुलिस प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी कर रहे थे तथा आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह उर्फ विशाल (23), गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि (22) साजन सिंह उर्फ हनी (28) और गगनप्रीत (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पाकिस्तान स्थित ISI एजेंट शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के संपर्क में थे तथा उनके निर्देश पर काम कर रहे थे।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को विदेशी मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए थे ताकि वे सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बच सकें। जांच के दौरान चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जिगाना पिस्टल, एक .30 बोर की पिस्टल नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार मोबाइल फोन की जांच में कई आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

स्पेशल सेल को खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान स्थित ISI एजेंट शहजाद भट्टी पंजाब के युवाओं की भर्ती कर दिल्ली-एनसीआर में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहा है। इसके बाद दिल्ली और पंजाब में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान सबसे पहले अमृतसर के मजीठा रोड इलाके से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हथियार व मादक पदार्थों की खेप मंगाने में शामिल था।

इसके बाद पुलिस ने पंजाब से उसके दो अन्य सहयोगियों गुरजंत सिंह और साजन सिंह को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक जिगाना पिस्टल चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। चौथे आरोपी गगनप्रीत को बाद में दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

फिलहाल दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल पूरे नेटवर्क विदेशी संपर्कों हथियारों की सप्लाई चेन और संभावित अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए मामले की गहन जांच कर रही है।