Jamshedpur Breaking:- नए SSP के कार्यभार संभालते ही टेल्को में चापड़बाजी, युवक पर हमला कर पर्स लूटा

जमशेदपुर में एक तरफ नए एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला है वहीं दूसरी ओर बदमाशों ने टेल्को में चापड़ से हमला कर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
टेल्को थाना क्षेत्र के तार कंपनी रोड पर बुधवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने बिरसानगर निवासी असीम बनर्जी पर चापड़ से हमला कर उनका पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए। हमले में असीम बनर्जी के दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल असीम बनर्जी ने बताया कि वह किसी काम से मानगो गए थे और देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और चापड़ से हमला कर दिया। उन्होंने अपने हाथों से वार रोकने की कोशिश की जिससे उनके दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए। वारदात के बाद बदमाश उनका पर्स लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टाटा मेन अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें प्लास्टिक सर्जरी करानी पड़ सकती है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नए एसएसपी के सामने अब अपराध पर लगाम लगाने और शहर में भयमुक्त माहौल बनाने की बड़ी चुनौती है। साथ ही ऐसे धारदार हथियारों की खुलेआम बिक्री पर भी सख्ती की जरूरत महसूस की जा रही है।


