Jamshedpur: DD बार हिंसा मामले पर पुलिस मुख्यालय सख्त, ADG मनोज कौशिक ने जमशेदपुर में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक…

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार हिंसा मामले को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कोल्हान प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) की उपस्थिति में नव पदस्थापित वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (नगर एवं ग्रामीण), जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक तथा शहरी क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान बिष्टुपुर स्थित डीडी बार हिंसा मामले के मद्देनज़र जिले की विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा की गई।
इस दौरान ADG मनोज कौशिक ने सभी पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों पर लगातार सतर्क निगरानी रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहे।

