Jamshedpur:- मृतक मोहम्मद मुमताज़ के परिवार के लिए न्याय की मांग, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम बाबर खान का खुला पत्र…

Jamshedpur: मोहम्मद मुमताज़ की मौत के बाद उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जमशेदपुर निवासी बाबर खान ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम एक भावनात्मक खुला पत्र जारी किया है। इस पत्र में उन्होंने कहा है कि यह किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं बल्कि एक पीड़ित परिवार की आवाज़ और संविधान में विश्वास रखने वाले नागरिक के रूप में लिखा गया है।
अपने पत्र में बाबर खान ने लिखा है कि झारखंड का गरीब और बेबस समाज आज भी भय, असुरक्षा और उपेक्षा के बीच जीवन जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि जब किसी परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य दुनिया से चला जाता है, तो केवल एक व्यक्ति की मृत्यु नहीं होती बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदें, सपने और भविष्य भी बिखर जाते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि मोहम्मद मुमताज़ के परिवार के साथ भी वही संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए जो अन्य पीड़ित परिवारों के मामलों में अपनाया जाता है। पत्र में उन्होंने कहा कि गरीब परिवार की पीड़ा को समझते हुए सरकार बिना किसी भेदभाव के उनके साथ खड़ी हो।
बाबर खान ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मोहम्मद मुमताज़ के परिवार को उचित न्याय, आर्थिक मुआवज़ा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। उनका कहना है कि इससे यह संदेश जाएगा कि झारखंड में हर नागरिक का जीवन समान रूप से मूल्यवान है और राज्य सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ समान संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।


