1000270218

मुंबई में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत बीएमसी पर लापरवाही के आरोप जांच के आदेश

खबर को शेयर करें
1000270217

MUMBAI : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के चेंबूर इलाके में एक दर्दनाक हादसे में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई जबकि पांच अन्य छात्र घायल हो गए। घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे उस समय हुई जब यूनिवर्सल स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। बस में कुल 13 छात्र सवार थे।

हादसे के बाद बस कंडक्टर और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार गंभीर रूप से घायल विहान श्रीवास्तव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायलों में चार बच्चों की हालत सामान्य बताई गई है जबकि एक छात्र का इलाज जारी है।

घटना के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि जिस स्थान पर पेड़ गिरा वहां पहले नाली और कंक्रीट का निर्माण कार्य किया गया था जिससे पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं। साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि पेड़ को लेकर पहले शिकायत की गई थी लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।

विहान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार क्रिकेट का शौकीन विहान बड़ा होकर पेशेवर क्रिकेटर बनना चाहता था। उसकी मां जूही श्रीवास्तव बेटे का क्रिकेट बैट सीने से लगाकर उसके लौटने का इंतजार करती रहीं। परिवार और पड़ोसियों ने बताया कि विहान बेहद होनहार और अनुशासित बच्चा था जिसका सपना क्रिकेट में नाम कमाने का था।

1000270218

मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और मृतक छात्र के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह सामने आता है कि पेड़ को लेकर पहले शिकायत की गई थी और बीएमसी के किसी अधिकारी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस और बीएमसी पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।