जमशेदपुर के नए एसएसपी बने डॉ. एहतेशाम बकारिब, सरायकेला-खरसावां के एसपी होंगे मनोज स्वर्गियारी

RANCHI / JAMSHEDPUR : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में नए पुलिस कप्तानों की नियुक्ति कर दी है। 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. एहतेशाम बकारिब को जमशेदपुर का नया वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) बनाया गया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इससे पहले वह सीआईडी में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर कार्यरत थे।
सरायकेला-खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में मनोज स्वर्गियारी की नियुक्ति की गई है। वह अब तक जैप-3 के कमांडेंट के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
गौरतलब है कि बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हत्याकांड और जानलेवा हमले के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया था। मामले में लापरवाही मानते हुए जमशेदपुर के तत्कालीन एसएसपी पियूष पांडेय और उनकी पत्नी सरायकेला-खरसावां की तत्कालीन एसपी निधि द्विवेदी को उनके पद से हटा दिया गया था।
इसी कार्रवाई के तहत अब दोनों जिलों में नए पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। सरकार को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में दोनों जिलों में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।


