1000270200

पोटका में मलेरिया का बढ़ता कहर 1,175 लोगों की जांच में 124 संक्रमित मिले स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

खबर को शेयर करें
1000270200


JAMSHEDPUR / POTKA : पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। संक्रमण पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को मलेरिया प्रभावित गांवों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,175 ग्रामीणों की जांच की गई जिनमें 124 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए।

पिछले छह दिनों के भीतर मलेरिया से चार बच्चियों की मौत हो चुकी है। वहीं अब तक करीब 264 लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें कुछ मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं जबकि कई का इलाज पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सदर अस्पताल खासमहल और एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में जारी है।

मलेरिया संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक अभियान शुरू किया है। एमजीएम अस्पताल के 17 प्रशिक्षु चिकित्सकों की टीम को पोटका के विभिन्न गांवों में तैनात किया गया है। यह टीम ग्रामीणों की जांच दवा वितरण और बीमारी से बचाव को लेकर आवश्यक परामर्श दे रही है।

वर्तमान में पोटका सीएचसी में ब्रेन मलेरिया से पीड़ित नौ मरीजों का इलाज चल रहा है। बुधवार को चार नए मरीज अस्पताल में भर्ती किए गए जबकि स्वस्थ होने पर पांच मरीजों को छुट्टी दे दी गई।

1000270201

बुधवार को सोहदा गांव के दो वर्षीय पंचू टुडू, उदाल गांव की सुकरमनी सरदार सोहदा के कार्तिक सिंह समेत चार मरीजों को इलाज के लिए सीएचसी पोटका लाया गया। अन्य संक्रमित मरीजों को दवा उपलब्ध कराकर घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है।

जिला मलेरिया पदाधिकारी मृत्युंजय धावड़िया पोटका सीएचसी में कैंप कर पूरे हालात की निगरानी कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव और समय पर इलाज के प्रति जागरूक किया जा रहा है।