चाईबासा: गले में गुलगुला फंसने से युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम

चाईबासा के घाघरी गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। खेत से काम खत्म कर लौटे 28 वर्षीय मोटाय गोप गांव के एक हड़िया गोदाम पहुंचे थे, जहां वे हड़िया पीने के साथ गुलगुला खा रहे थे। इसी दौरान गुलगुला उनके गले में फंस गया, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
परिजन उन्हें तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, गले में खाना फंसने से ऑक्सीजन नहीं मिल पाने के कारण उनकी मौत हुई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव और परिवार में शोक का माहौल है।

