1000267145

केतन मर्डर केस में नए खुलासे: परिवार ने अफेयर से किया इनकार जांच के घेरे में आया सिया का भाई

खबर को शेयर करें
1000267145

PUNE : केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। मुख्य आरोपी सिया गोयल के परिवार ने दावा किया है कि सिया और चेतन चौधरी के बीच प्रेम संबंध नहीं था बल्कि दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त थे। परिवार का कहना है कि सिया की सहमति से ही केतन के साथ उसका रिश्ता तय हुआ था और केतन को भी सिया और चेतन की दोस्ती की जानकारी थी।

सिया के भाई साहिल गोयल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी बहन ने उसकी कसम खाकर कहा था कि वह केतन से शादी करने के लिए तैयार है। साहिल का दावा है कि उसे सिया और चेतन के कथित अफेयर की कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि पुलिस उसके बयान पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रही है और उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

जांच के दौरान सामने आया है कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी और उसने अपनी हिचकिचाहट साहिल को बताई थी। पुलिस को आशंका है कि साहिल को सिया और चेतन के रिश्ते की जानकारी पहले से हो सकती थी। एक कार चालक के बयान के अनुसार शादी से पहले एक यात्रा के दौरान सिया ने जाने से इनकार किया था लेकिन साहिल ने उसे जबरन कार में बैठाया। वहीं केतन का पासपोर्ट फाड़े जाने की कथित घटना के दौरान भी साहिल के चुप रहने को पुलिस संदेह की नजर से देख रही है।

इस बीच जांच में यह भी सामने आया है कि केतन अग्रवाल को शादी से पहले ही कुछ गड़बड़ी का एहसास होने लगा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने अपने परिवार से सिया का बैकग्राउंड दोबारा जांचने की बात कही थी। केतन को शक था कि सिया का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है। उसने अपने पिता से कहा था कि सिया का फोन अक्सर व्यस्त रहता था और बातचीत के दौरान वह बार-बार चेतन चौधरी का जिक्र करती थी। परिवार के मुताबिक सिया छोटी-छोटी बातों पर भी केतन से झगड़ा करती थी जिससे उसका संदेह और गहरा गया था।

पुलिस जांच के अनुसार सिया और केतन की इसी साल फरवरी में सगाई हुई थी और जल्द ही उनकी शादी होने वाली थी। आरोप है कि 18 जून को लोहागढ़ किले पर सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन की हत्या कर दी। जांच में यह भी दावा किया गया है कि 14 जून को भी केतन की हत्या की कोशिश की गई थी लेकिन वह बच गया था। उस समय सिया ने कथित तौर पर उसे सांप से बचाने का बहाना बनाया था।

केतन की मौत के बाद उसके परिवार को सिया का व्यवहार संदिग्ध लगा जिसके बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू की। फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी गिरफ्तार हैं और अदालत ने दोनों की पुलिस हिरासत 3 जुलाई तक बढ़ा दी है।

जांच एजेंसियां अब साहिल गोयल के बयानों का डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों से मिलान कर रही हैं। पुलिस ने लोहागढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएट किया है और वारदात में कथित रूप से इस्तेमाल की गई स्कूटी हुडी और हेडफोन जब्त किए हैं। साथ ही आरोपियों की गतिविधियों की पुष्टि के लिए गैट एनालिसिस (Gait Analysis) तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।