Jharkhand Weather: झारखंड में मानसून का असर बढ़ा, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर राज्य में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका है।
लगातार बारिश के कारण अगले दो दिनों में तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
पिछले 24 घंटों में बहरागोड़ा में सबसे ज्यादा 84.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं राजधानी रांची में भी अगले सात दिनों तक बादल छाए रहने और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।

