कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता, 19 किलो सिलेंडर के दाम में 183 रुपये तक की कटौती

ईरान-अमेरिका तनाव कम होने और गैस आपूर्ति सामान्य होने के बाद तेल कंपनियों ने 1 जुलाई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी राहत दी है। हालांकि घरेलू 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
देशभर में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 जुलाई से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में 183 रुपये तक की कटौती की है। वहीं 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें फिलहाल यथावत रखी गई हैं।
नई दरों के अनुसार राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर 3,113 रुपये से घटकर 2,930 रुपये का हो गया है। कोलकाता में इसकी कीमत 3,255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये लखनऊ में 3,052.50 रुपये और पटना में 3,227 रुपये कर दी गई है। नई कीमतें 1 जुलाई से प्रभावी हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि ईरान-अमेरिका के बीच तनाव कम होने और पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने से एलपीजी आपूर्ति में सुधार हुआ है। इससे पहले क्षेत्रीय तनाव के कारण गैस की सप्लाई प्रभावित हुई थी जिसके चलते कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली थी। जून में दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये तक पहुंच गई थी।
केंद्र सरकार ने भी कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी सप्लाई पर लगी रोक हटा दी है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार देश में गैस उत्पादन बढ़ने और एलपीजी से भरे जहाजों की नियमित आवाजाही शुरू होने से आपूर्ति की स्थिति बेहतर हुई है। इसके साथ ही बल्क एलपीजी सप्लाई भी दोबारा शुरू कर दी गई है।
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में आई इस कमी से होटल रेस्टोरेंट ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की परिचालन लागत घटने की उम्मीद है जिससे कारोबारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।

