Jharkhand News: तेतुलिया जमीन मामले में हाईकोर्ट में ईडी की दलील पूरी, अब 6 जुलाई को सरकार रखेगी पक्ष

बोकारो के तेतुलिया गांव की 103 एकड़ जमीन से जुड़े विवाद की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में जारी है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत के सामने अपना पक्ष पूरा कर दिया है। अब अगली सुनवाई 6 जुलाई को होगी, जब राज्य सरकार अपनी दलील पेश करेगी।
यह मामला कथित अवैध कब्जे और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन की जमाबंदी से जुड़ा है। इसी मामले में दर्ज सीआईडी की प्राथमिकी को रद्द करने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की गई है। इसी एफआईआर के आधार पर ईडी ने भी अपनी जांच शुरू की थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, वर्ष 2012 में 103 एकड़ जमीन की जमाबंदी कथित तौर पर फर्जी कागजात के सहारे की गई थी। मामले की जांच के बाद तत्कालीन अंचल अधिकारी को सेवा से हटा दिया गया था।
फिलहाल जांच एजेंसियां उस समय के कई सरकारी अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं। अब सभी की नजर 6 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई पर है।

