आदित्यपुर में रंगदारी मांगने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चापड़ भी बरामद कर लिया है।
पीड़ित प्रेम चंद्र वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और रंगदारी की मांग करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उन पर चापड़ से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की आगे भी जांच कर रही है।

