आदित्यपुर में ज्वेलरी कारोबारी पर हमला, रंगदारी मांगने का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में मंगलवार को एक ज्वेलरी कारोबारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर-14 स्थित दुकान पर कुछ लोग पहुंचे और कारोबारी से रंगदारी की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में ज्वेलरी व्यवसायी प्रेम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए एक आरोपी, विशाल मिश्रा, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला रंगदारी से जुड़ा हुआ लग रहा है, लेकिन घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

