JHARKHAND : हिमांशु सिंह हत्याकांड पर भाजयुमो का सरकार पर हमला, उच्चस्तरीय जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

JAMSHEDPUR : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के समीप चापड़बाजी की घटना में घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। भाजयुमो के प्रदेश सचिव अमित अग्रवाल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल का परिणाम बताया।
अमित अग्रवाल ने कहा कि जमशेदपुर में हत्या, लूट और रंगदारी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उनका आरोप है कि पुलिस अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल औपचारिकताओं तक सीमित नजर आ रही है जिसके कारण अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक परिवार की अपूरणीय क्षति नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती और कानून का भय कायम रहता तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।
भाजयुमो प्रदेश सचिव ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में किसी पुलिस अधिकारी या कर्मी की लापरवाही अथवा उदासीनता सामने आती है तो उसके खिलाफ तत्काल विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से हत्या में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। साथ ही शहर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अपराध नियंत्रण अभियान चलाने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन कार्रवाई करने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की जवाबदेही तय करने की भी मांग की।

