1000266852

पोटका के गांवों में मलेरिया का बढ़ता प्रकोप, 507 लोगों की जांच में 51 संक्रमित मिले

खबर को शेयर करें
1000266852

POTKA : पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रतिदिन जांच में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। मंगलवार को विभिन्न गांवों में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 507 ग्रामीणों की जांच की गई जिनमें 51 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को सबर नगर कांदर जोजोगोड़ा गाम्हीरकोचा छोटा रामगढ़ कुंदरुकोचा झरिया और टांगराइन समेत कई गांवों में शिविर लगाकर मलेरिया जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संक्रमित पाए गए मरीजों को मौके पर ही दवा उपलब्ध कराई गई।

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका में दो नए मरीज जोबा हांसदा और विकास मार्डी को भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया है। अस्पताल में पहले से पांच मरीज उपचाराधीन हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अधिकांश संक्रमित मरीज पहले से चिह्नित मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों से ही सामने आ रहे हैं।

1000266853

मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार से 12 जांच टीमों को प्रभावित गांवों में तैनात किया गया है। इससे पहले रविवार को 29 और सोमवार को 40 ग्रामीण मलेरिया संक्रमित पाए गए थे जबकि मंगलवार को यह संख्या बढ़कर 51 पहुंच गई।

मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच बीडीओ अरुण कुमार मुंडा और सीओ निकिता बाला के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मलेरिया प्रभावित हरिणा पंचायत के बलियाचुआ सहित अन्य गांवों का दौरा किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव साफ-सफाई और समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक किया।