हिमांशु सिंह हत्याकांड: परिजनों से मिले झामुमो नेता, CM और DGP ने कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा…

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (DD) बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद मंगलवार को झामुमो का प्रतिनिधिमंडल मृतक के घर पहुंचा। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, वरिष्ठ नेता प्रमोद लाल और पार्टी प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
विक्टर सोरेन ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और डीजीपी को दे दी गई है। परिजनों की बात भी मुख्यमंत्री और डीजीपी से कराई गई, जिन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि डीजीपी के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे को निलंबित किया गया है। इसके अलावा गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड किया गया है। वहीं, डीडी बार को सील कर दिया गया है।
झामुमो नेताओं ने कहा कि पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

