झारखंड में मानसून का असर तेज, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि लगातार बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी और तापमान में भी गिरावट आएगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बहरागोड़ा, नाला, मैसेनजोर, खूंटी और डालटनगंज समेत कई इलाकों में अच्छी वर्षा हुई। वहीं रांची, जमशेदपुर और चाईबासा में भी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, लातेहार, लोहरदगा, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की संभावना है। इसके बाद 1 और 2 जुलाई को राज्य के और भी जिलों में बारिश का असर बढ़ने की उम्मीद है।
राजधानी रांची में भी अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि बारिश और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।

