Jharkhand Crime News: देवघर में मां और बेटे की हत्या से सनसनी, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के हेठ नवाडीह गांव में मां और उसके 12 साल के बेटे की हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है। अज्ञात हमलावरों ने देर रात दोनों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।
मृतकों की पहचान 38 वर्षीय रुबेदा बीबी और उनके बेटे छोटू के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में देवघर के पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
बताया जा रहा है कि चार साल पहले रुबेदा बीबी के पति की भी इसी तरह हत्या कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि उस मामले के कई आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। उनका कहना है कि परिवार पहले से ही डर के माहौल में रह रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका का बड़ा बेटा, जो पश्चिम बंगाल में काम करता है, गांव के लिए रवाना हो गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुराने विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

