61276

डीडी बार कांड में जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हिमांशु की मौत के बाद डीडी बार के बाहर गश्ती दल में शामिल तीन पुलिसकर्मी निलंबित

खबर को शेयर करें
61276

बिष्टुपुर में हिमांशु की मौत के बाद जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीडी बार के बाहर हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटना के मामले में घटनास्थल पर पहुंची गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) रतन कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) राजेश कुमार रंजन तथा आरक्षी संख्या 913 मनोज कुमार शामिल हैं। पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, तीनों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया है कि पूरे मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटना में हिमांशु सिंह और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान सोमवार को हिमांशु सिंह की मौत हो गई जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी लगातार सवाल उठ रहे थे जिसके बीच अब यह निलंबन की कार्रवाई की गई है।