1000266553

JHARKHAND : अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए टाटा आर्चरी अकादमी के तीन तीरंदाज भारतीय टीम में चयनित, इराक चीन और दुबई में करेंगे देश का प्रतिनिधित्व

खबर को शेयर करें
1000266553

JAMSHEDPUR : टाटा आर्चरी अकादमी (टीएए) के लिए गर्व का क्षण है। अकादमी के तीन प्रतिभाशाली तीरंदाज गोल्डी मिश्रा आदित्य वाधवा और के. युक्ता श्री का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत और अकादमी में दिए जा रहे उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का प्रमाण मानी जा रही है।

गोल्डी मिश्रा और आदित्य वाधवा का चयन एशिया कप स्टेज-2 एशिया कप स्टेज-3 तथा एशियन यूथ आर्चरी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। दोनों तीरंदाज इराक चीन और दुबई में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। वहीं के. युक्ता श्री का चयन एशिया कप स्टेज-2 और स्टेज-3 के लिए किया गया है। युक्ता इससे पहले भी चयन ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं।

इन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन ट्रायल्स सोनीपत में आयोजित किए गए थे। ट्रायल्स के दौरान तीनों तीरंदाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन निरंतरता और दबाव में शानदार संयम दिखाते हुए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की।

चयन ट्रायल्स के दौरान टाटा आर्चरी अकादमी के कोच अनिल कुमार हेलेन और प्रसन्ना खिलाड़ियों के साथ मौजूद रहे। वहीं मसाज थेरेपिस्ट अनुप और रूमा ने खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन रिकवरी सपोर्ट और पूरे चयन अभियान के दौरान लगातार प्रेरित किया।

टाटा आर्चरी अकादमी ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत अनुशासन और समर्पण के साथ-साथ कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। अकादमी में तैयार किया गया उच्च प्रदर्शन वाला खेल वातावरण लगातार देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज दे रहा है।