बिष्टुपुर डीडी बार चापड़कांड : घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत, मामला हत्या में तब्दील, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

JAMSHEDPUR : बिष्टुपुर स्थित DD बार के सामने शनिवार रात हुई चापड़बाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल प्रत्युष सिंह का कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। हिमांशु की मौत के बाद यह मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है।
मृतक हिमांशु सिंह आदित्यपुर के हरिओम नगर निवासी थे। वह टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व कमेटी मेंबर अरविंद सिंह के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि उनकी शादी करीब दस महीने पहले ही हुई थी।
घटना के दौरान हमलावरों ने हिमांशु पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार किए थे जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं प्रत्युष सिंह भी इस हमले में बुरी तरह जख्मी हुए। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए कोलकाता रेफर किया गया जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस की पीसीआर वैन से युवकों को खींचकर उनके सामने ही चापड़ से हमला किया लेकिन पुलिस उन्हें बचाने में विफल रही। इस मामले में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ खबर लिखे जाने तक कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय लोग और परिजन सवाल उठा रहे हैं कि यदि पुलिस मौके पर मौजूद थी तो अपराधी खुलेआम हमला कर कैसे फरार हो गए। साथ ही यह मांग भी उठ रही है कि घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


