जुबली पार्क रोड पर हिट एंड रन: तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी सवार युवती को मारी टक्कर, घायल टीएमएच में भर्ती

JAMSHEDPUR : शहर के जुबली पार्क रोड पर सोमवार को हिट एंड रन की घटना में तेज रफ्तार बाइक सवार ने स्कूटी चला रही एक युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है।
घायल युवती की पहचान कदमा निवासी सपना के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही एसआरटी की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को प्राथमिक सहायता देने के बाद इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक तेज रफ्तार में थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार बाइक चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हिट एंड रन की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

