JHARKHAND : जमशेदपुर के बाराद्वारी में मरम्मत के दौरान मकान का हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला, कार क्षतिग्रस्त

JAMSHEDPUR : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी कुम्हारपाड़ा में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक पुराने मकान की मरम्मत के दौरान भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास मौजूद मजदूर और अन्य लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर हट गए जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक नरेश अग्रवाल अपने पुराने मकान के जर्जर हिस्से को हटाकर मरम्मत और निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार और छत का एक हिस्सा ढह गया जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भवन गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
हादसे में मलबा सड़क किनारे खड़ी एक कार पर भी गिरा जिससे वाहन को हल्का नुकसान पहुंचा। बाद में कार को सुरक्षित स्थान पर हटा दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने समय रहते वहां से हटकर अपनी जान बचाई। यदि हादसे के समय वहां अधिक लोग मौजूद होते तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन भवन का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और इसे समय रहते टला बड़ा हादसा बताया।

