मोहर्रम ड्यूटी के दौरान वर्दी में दारोगा ने चलाई तलवार, वीडियो वायरल होने पर SSP ने दिए जांच के आदेश

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मोहर्रम जुलूस के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी का तलवारबाजी करते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कांटी थाना के सब-इंस्पेक्टर (SI) मुस्तकीम खान वर्दी में तलवार से करतब दिखाते नजर आ रहे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्र ने जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार मोहर्रम के मौके पर कांटी थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर मुस्तकीम खान कथित तौर पर अखाड़े में उतर गए और हाथ में तलवार लेकर करतब दिखाने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई। ड्यूटी के दौरान एक पुलिस अधिकारी के इस तरह सार्वजनिक रूप से तलवारबाजी करने पर सवाल उठ रहे हैं।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है और संबंधित पुलिसकर्मी द्वारा सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन साबित होता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


