Ranchi News: लंबित मामलों को जल्द निपटाने में जुटी CID, जांच प्रक्रिया हुई तेज

झारखंड सीआईडी ने लंबे समय से लंबित और महत्वपूर्ण मामलों की जांच में तेजी लाने के लिए कदम बढ़ाए हैं। हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में एसटी-एससी अत्याचार, भूमि विवाद, अवैध कोयला कारोबार, गुमशुदगी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े 49 से अधिक मामलों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान 10 से ज्यादा मामलों का निष्पादन कर दिया गया। वहीं बाकी मामलों की जांच में तेजी लाने के लिए संबंधित जांच अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया है कि तय समय के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट जमा करें, ताकि मामलों का जल्द समाधान हो सके।
जानकारी के अनुसार, सीआईडी ने अगले एक से दो महीने के भीतर शेष लंबित मामलों की जांच पूरी करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए सभी मामलों की लगातार निगरानी की जाएगी और जांच अधिकारियों से नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि लंबित मामलों में कई संवेदनशील और चर्चित प्रकरण शामिल हैं। इसी वजह से सीआईडी मुख्यालय इन मामलों पर विशेष नजर बनाए हुए है, ताकि जांच में किसी तरह की देरी न हो और सभी मामलों का जल्द निष्पादन किया जा सके।

