वर्ल्ड कप से पहले भारत की दमदार जीत, इंग्लैंड को शूटआउट में 3-2 से हराकर प्रो लीग अभियान का किया शानदार अंत

खबर को शेयर करें
1000266436

NEW DELHI : एफआईएच प्रो लीग के अपने आखिरी मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इंग्लैंड को रोमांचक शूटआउट में 3-2 से हराकर वर्ल्ड कप से पहले शानदार जीत दर्ज की। निर्धारित 60 मिनट तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हो सका और मुकाबला 0-0 से बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद शूटआउट में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की।

यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद अहम था, क्योंकि 15 से 30 अगस्त के बीच बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप से पहले प्रो लीग का यह उसका अंतिम मैच था। इस जीत से टीम का आत्मविश्वास जरूर बढ़ा है।

मैच की शुरुआत में ही इंग्लैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर मोहित शशिकुमार ने शानदार बचाव कर टीम को शुरुआती झटका लगने से बचा लिया। पहले क्वार्टर में भारत को भी गोल करने का सुनहरा मौका मिला, लेकिन अभिषेक उसे भुना नहीं सके।

दूसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने लगातार आक्रमण किए और गेंद पर अपना दबदबा बनाए रखा लेकिन भारतीय डिफेंस ने कोई मौका नहीं दिया। खासकर जरमनप्रीत सिंह ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाते हुए इंग्लैंड के हमलों को लगातार नाकाम किया। हाफटाइम तक दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर रहीं।

तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन भारतीय टीम ने रेफरल लिया। वीडियो समीक्षा के बाद रेफरी ने अपना फैसला बदल दिया और इंग्लैंड का बड़ा मौका हाथ से निकल गया।

आखिरी क्वार्टर में भी इंग्लैंड ने कई हमले किए लेकिन भारतीय डिफेंस चट्टान की तरह डटा रहा। निर्धारित समय तक स्कोर 0-0 रहने के बाद मुकाबले का फैसला शूटआउट से हुआ।

भारत की ओर से अभिषेक शिलानंद लाकड़ा और हार्दिक सिंह ने गोल किए जबकि इंग्लैंड के लिए केवल जैचरी वालास और डेविड गुडफील्ड ही गोल कर सके। भारत ने शूटआउट 3-2 से जीतकर पिछली हार का बदला भी चुकता कर लिया।

हालांकि इस जीत के बावजूद एफआईएच प्रो लीग का यह सीजन भारतीय टीम के लिए खास नहीं रहा। टीम ने कुल 16 मैचों में केवल चार जीत दर्ज की जबकि सात मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा और पांच मैच ड्रॉ रहे। भारत ने 19 अंकों के साथ सीजन का समापन आठवें स्थान पर किया। भारतीय टीम से नीचे केवल पाकिस्तान रहा जो पूरे सीजन एक भी मुकाबला जीतने में सफल नहीं हो सका।