1000266420

JHARKHAND : जमशेदपुर में बढ़ती चाकूबाजी-चापड़बाजी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सिटी एसपी को सौंपा ज्ञापन, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

खबर को शेयर करें
1000266420

JAMSHEDPUR : शहर में बढ़ रही चाकूबाजी, चापड़बाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को नगर आरक्षी अधीक्षक ( city SP ) ललित मीणा से मिला। जिला उपाध्यक्ष मंगलदेव सिंह उर्फ सन्नी सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे तथा जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर में चाकूबाजी चापड़बाजी और अन्य अवैध गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने विशेष रूप से बिष्टूपुर स्थित डबल डाउन परिसर में हुई जघन्य घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी इस तरह की वारदात को अंजाम देने का साहस न कर सके।

प्रतिनिधिमंडल ने शहर में देर रात तक संचालित होने वाले बियर बार और अन्य प्रतिष्ठानों के संचालन समय की स्पष्ट सीमा तय करने तथा उन पर नियमित प्रशासनिक निगरानी रखने की भी मांग की। उनका कहना था कि इससे देर रात होने वाली असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

इसके अलावा कांग्रेस नेताओं ने जुगसलाई रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग के आसपास कथित अवैध गतिविधियों और वेश्यावृत्ति की शिकायतों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने इस क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि बढ़ते अपराधों के कारण आम नागरिक छात्र-छात्राएं महिलाएं व्यापारी और अन्य लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम करने की जरूरत है।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रदेश सचिव सामंता कुमार राजीव मिश्रा अमित श्रीवास्तव संजय सिंह सन्नी अनुराग सचिन अनुराग मुन्ना मिश्रा अरुण ठाकुर कुलदीप सिंह कुणाल सिंह प्रेम कुमार और अनुकांत पांडेय सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।