शताब्दी एक्सप्रेस में फर्जी टीटी बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, RPF ने किया गिरफ्तार

कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस में एक युवक खुद को रेलवे का टीटी बताकर यात्रियों के बीच घूम रहा था। ट्रेन में ड्यूटी पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद उन्होंने अधिकृत टीटी के साथ मिलकर युवक से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान युवक अपनी पहचान से जुड़े सवालों का सही जवाब नहीं दे पाया। जांच में उसके पास से रेलवे का फर्जी पहचान पत्र मिला। शुरुआत में उसने खुद को रेलवे कर्मचारी बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच कबूल कर लिया। युवक ने माना कि वह रेलवे में नौकरी नहीं करता और नकली आईडी कार्ड बनाकर टीटी बनकर ट्रेन में घूम रहा था।
आरोपी ने अपनी पहचान एटा जिले के नगला गांव निवासी दुर्गेश कुमार के रूप में बताई। इसके बाद RPF ने उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गाजियाबाद स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह फर्जी टीटी बनकर ट्रेन में किस मकसद से घूम रहा था और उसके पीछे किसी गिरोह का हाथ है या नहीं।

