1000266375

झाड़ फूंक के चक्कर में उजड़ गया पूरा परिवार राख खाने से 10 दिनों में पांच लोगों की मौत

खबर को शेयर करें
1000266375

पलामू: झारखंड के पलामू जिले से अंधविश्वास की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की 10 दिनों के भीतर मौत हो गई। जांच में सामने आया है कि परिवार इलाज के साथ-साथ झाड़-फूंक का सहारा ले रहा था और ओझा की सलाह पर राख का सेवन कर रहा था। डॉक्टरों के अनुसार यही राख शरीर में जाकर जहर की तरह असर करने लगी, जिससे एक के बाद एक पांच लोगों की जान चली गई। हालांकि मौत के सही कारण की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

मिली जानकारी के अनुसार सिक्का गांव निवासी कुलदीप महतो और उनकी बेटी सबसे पहले बीमार पड़े। 19 जून को कुलदीप महतो की मौत हुई और अगले दिन उनकी बेटी ने भी दम तोड़ दिया। दोनों की मौत के बाद परिवार के सदस्य लेस्लीगंज के पूर्णाडीह इलाके में झाड़-फूंक कराने पहुंचे, जहां वे लगातार राख का सेवन करते रहे। इसके बाद 26 जून को दूसरी बेटी इंदु कुमारी, 28 जून को बहू श्वेता कुमारी और 29 जून को बेटे नकुल महतो की मौत हो गई। श्वेता कुमारी और नकुल महतो ने रांची के रिम्स में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।

परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें कुलदीप महतो की पत्नी लाखो देवी, एक बेटा और एक पोता शामिल हैं, फिलहाल रिम्स में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि सभी के शरीर में सूजन आने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम जांच में जुट गई है। अधिकारियों ने सिक्का गांव और पूर्णाडीह से उस राख के नमूने एकत्र किए हैं, जिसका सेवन परिवार कर रहा था। साथ ही उनके खान-पान और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिवार को कई बार अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया, लेकिन वे झाड़-फूंक पर अधिक भरोसा करते रहे। राख के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डॉ. आर.के. रंजन ने बताया कि मृतकों के विसरा सुरक्षित रख लिए गए हैं और उनकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने आशंका जताई कि मामला ड्रॉप्सी बीमारी से भी जुड़ा हो सकता है। साथ ही परिवार द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सरसों के तेल की जांच भी कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।