IMG 9995

झारखंड के राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा, गडकरी ने गुणवत्ता और समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश

खबर को शेयर करें
IMG 9995

झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर केंद्र सरकार ने समीक्षा बैठक की। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने करीब 3,245 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को समय पर काम पूरा करने और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया।

बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और अन्य एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान चल रही परियोजनाओं की प्रगति, सड़क रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही मीडिया और आम लोगों से मिली शिकायतों और सुझावों पर भी चर्चा हुई।

मानसून को देखते हुए सड़कों पर जलभराव, गड्ढों और अन्य संभावित समस्याओं से निपटने की तैयारी पर विशेष जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नियमित निरीक्षण, समय पर मरम्मत और मजबूत आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान यात्रियों को परेशानी न हो।

नितिन गडकरी ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क राज्य के विकास और व्यापार को नई गति देता है। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए तय समय सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने, गुणवत्ता बनाए रखने और पारदर्शिता के साथ काम करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित सड़क परियोजनाओं को जल्द पूरा कर लोगों को सुरक्षित और बेहतर राजमार्ग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।